दिनांक: 17/3/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला को राज्यस्तरीय प्राचार्य सम्मेलन में बड़ी उपलब्धि डिजिटल लाइब्रेरी व वर्चुअल क्लासरूम का लोकार्पण ।
उच्च शिक्षा में सुधार एवं गुणवत्ता उन्नयन को लेकर शिमला में आयोजित राज्यस्तरीय प्राचार्य सम्मेलन में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला ने लेवल-3 श्रेणी में प्रदेश भर में चौथा स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए महाविद्यालय को प्रमाण पत्र के साथ-साथ उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 1 लाख रुपये का प्रशंसा पुरस्कार (Appreciation Award) भी प्रदान किया गया।
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उच्च शिक्षा में किए जा रहे सुधारों को गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम, रिसर्च एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा महाविद्यालय के डिजिटल वर्चुअल क्लासरूम का वर्चुअल माध्यम से विधिवत लोकार्पण किया गया। यह अत्याधुनिक क्लासरूम विद्यार्थियों को इंटरएक्टिव और तकनीक आधारित शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वर्चुअल क्लासरूम समिति में डॉ. विक्रम श्रीवत्स, डॉ. आशीष रंजन, डॉ. राधे श्याम, डॉ. पवन ठाकुर तथा डॉ. सतीश सूद सहित अन्य सदस्य शामिल रहे, जिनके प्रयासों से यह सुविधा साकार हो सकी।
महाविद्यालय की डिजिटल लाइब्रेरी भी आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित है, जिसमें लगभग 80 विद्यार्थियों के बैठने की क्षमता, 91 टैबलेट तथा 11 पर्सनल कंप्यूटर उपलब्ध हैं। लाइब्रेरी का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है, और इसे विधिवत रूप से विद्यार्थियों के लिए आरंभ कर दिया गया है।
इस अवसर पर लाइब्रेरी समिति के संयोजक प्रो हर्षा राणा, एवं सदस्य डॉ. एस. एस. रंधावा, प्रो. नरेश धीमान, प्रो. संजय कुमार, डॉ. ध्यान सिंह तथा अध्यक्षा अंजना धरवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आईक्यूएसी (IQAC) के संयोजक डॉ. विक्रम श्रीवत्स, प्रो हर्षा राणा एवं लाइब्रेरी अध्यक्षा अंजना धरवाल व समस्त स्टाफ ने महाविद्यालय के प्राचार्य को इस उपलब्धि पर बधाई दी, जबकि प्राचार्य ने भी सभी स्टाफ सदस्यों को उनके समर्पण और उत्कृष्ट कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
