दिनांक: 06/05/2025
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली का शुभारंभ ।
शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल पहल को बढ़ावा देते हुए राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली का विधिवत शुभारंभ प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया द्वारा किया गया। यह अभिनव प्रणाली महाविद्यालय के बी.टेक (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) तथा भौतिकी विभाग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों द्वारा विकसित की गई है, जो संस्थान की तकनीकी क्षमता और नवाचार की भावना को दर्शाती है।
इस अत्याधुनिक प्रणाली में डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और स्वचालित सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएँ शामिल हैं, जिससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी हो गई है। अब छात्र-छात्राएँ अपनी समस्याएँ ऑनलाइन माध्यम से दर्ज कर सकते हैं, जो तुरंत संबंधित विभाग तक पहुँच जाती हैं।
प्रत्येक शिकायत के लिए एक यूनिक आईडी प्रदान की जाती है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी अपनी शिकायत की स्थिति पेंडिंग या रेजॉल्व्ड को आसानी से ट्रैक कर सकते हैं। इससे न केवल समयबद्ध समाधान सुनिश्चित होता है, बल्कि संस्थान में जवाबदेही और पारदर्शिता भी मजबूत होती है।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रणाली महाविद्यालय को स्मार्ट और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित होगा।
इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया, प्रो रजनीश दीवान, डॉ नरेश शर्मा, डॉ विक्रम श्रीवत्स, डॉ बलराज, डॉ संजय जसरोटिया, प्रो हर्षा राणा, प्रो मोनिका मक्कड डॉ पवन ठाकुर व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे छात्र हित में एक सराहनीय और दूरदर्शी कदम बताया।
