HamroClass Preloader

दिनांक 10/07/2026

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की एनसीसी कैडेट्स ने दो वार्षिक प्रशिक्षण शिविरों में लहराया परचम, 32 कैडेट्स को मिले ‘बी’ प्रमाण पत्र ….

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की एनसीसी विंग (1 एचपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, सोलन) की कैडेट्स ने दो अनिवार्य संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविरों (Combined Annual Training Camp-CATC) में शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय और बटालियन का नाम रोशन किया। पहला 10 दिवसीय शिविर 24 मई से 2 जून 2026 तक योल कैंट, धर्मशाला तथा दूसरा शिविर 8 जून से 17 जून 2026 तक जवाहर नवोदय विद्यालय, पपरोला (बैजनाथ) में आयोजित किया गया। इन शिविरों में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों से 500 से अधिक एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया।

इन प्रशिक्षण शिविरों में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, ड्रिल, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा लिखित एवं व्यावहारिक परीक्षाओं का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के उपरांत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की कैडेट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक पदक और सम्मान अपने नाम किए।

योल कैंट शिविर में कैडेट मनीषा और प्रज्ञा को बेस्ट कैडेट का सम्मान प्राप्त हुआ। प्रज्ञा ने मोनो एक्ट प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान हासिल किया। कैडेट प्रियांशी ने शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पलक ठाकुर ने प्लैंक प्रतियोगिता तथा निबंध लेखन दोनों में प्रथम स्थान हासिल किया। दीपांशी ने 1600 मीटर दौड़ में प्रथम, काजल ने 100 मीटर दौड़ में द्वितीय तथा अंजू ने 1600 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। संयोगिता को बेस्ट पायलटिंग मेडल तथा डीएसटी (Drill Square Test) में द्वितीय स्थान मिला, जबकि शृष्टि को भी बेस्ट पायलटिंग मेडल से सम्मानित किया गया। हेजल को उत्कृष्ट एंकरिंग के लिए पदक प्रदान किया गया।

जवाहर नवोदय विद्यालय, पपरोला शिविर में कैडेट रंजना ठाकुर, शगुन, ईशिका और सुकन्या का चयन डीएसटी (Drill Square Test) के लिए हुआ। कैडेट शगुन ने डीएसटी में प्रथम तथा निबंध लेखन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रंजना ठाकुर को लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कंसिस्टेंट परफॉर्मर मेडल से सम्मानित किया गया तथा उन्हें कंपनी सीनियर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी गई। रंजना ठाकुर, ईशिका और शगुन को बेस्ट पायलटिंग मेडल प्रदान किए गए। वहीं प्रिया, कोमल, श्रेया, ईशिका, शगुन, स्नेहा, कृतिका और आकृति ने सामूहिक नाटी नृत्य प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पुरस्कार अपने नाम किए।

इधर, एनसीसी के ‘बी’ प्रमाण पत्र परीक्षा का परिणाम मई माह में घोषित होने के बाद आज राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला परिसर में प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कैप्टन डॉ. मोनिका शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया, डॉ. विक्रम श्रीवत्स, प्रो. संजय जसरोटिया तथा प्रो. हर्षा राणा ने 1 एचपी (गर्ल्स) बटालियन एनसीसी, सोलन के 32 कैडेट्स को ‘बी’ योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर कैप्टन डॉ. मोनिका शर्मा ने सभी कैडेट्स को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने सभी सफल कैडेट्स को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि नेतृत्व, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय की ये प्रतिभाशाली कैडेट्स भविष्य में भी प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित करेंगी।

दोनों शिविरों में मिली उल्लेखनीय सफलताओं और ‘बी’ प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले 32 कैडेट्स की उपलब्धियों ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की एनसीसी इकाई प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्टता का सशक्त उदाहरण बनकर उभर रही है।