दिनांक: 28/07/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में पौधारोपण अभियान आयोजित, 200 विद्यार्थियों ने लगाए 45 पौधे
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के रसायन विज्ञान विभाग, साइंस सोसायटी एवं इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान रसायन विज्ञान विभाग तथा भू-विज्ञान विभाग के आसपास के क्षेत्र में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित परिसर के निर्माण का संदेश देना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया रहे, जबकि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. संदीप चौहान ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर प्रो. संजय जसरोटिया, डॉ. बलराज बंद्राल, डॉ. रितु बाला, डॉ. पूनम, डॉ. दीपिका ठाकुर तथा प्रो सुमिता सहित महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक उपस्थित रहे।
अभियान में लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा परिसर में 45 पौधों का रोपण किया। लगाए गए पौधों में देवदार, जामुन, कचनार, अमलतास, आंवला, बेल, बॉटल ब्रश, बॉटल पाम तथा पेंसिल पाइन सहित विभिन्न प्रजातियां शामिल रहीं।
मुख्य अतिथि प्रो. राकेश पठानिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. संदीप चौहान ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने युवाओं से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम का समापन “हरित परिसर–स्वच्छ पर्यावरण” के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
