दिनांक: 30/07/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में एईडीपी पर जागरूकता सत्र आयोजित, एम.कॉम. विद्यार्थियों की प्रोजेक्ट एवं व्यापक मौखिक परीक्षा संपन्न
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के वाणिज्य विभाग द्वारा गुरुवार को अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (AEDP) विषय पर एक जागरूकता एवं जानकारीपरक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेंटर फॉर रिसर्च इन स्कीम्स एंड पॉलिसीज (CRISP) की प्रतिनिधि ऐश्वर्या सिंह ने विद्यार्थियों को एईडीपी की विभिन्न विशेषताओं एवं इससे मिलने वाले रोजगारोन्मुखी अवसरों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एईडीपी के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ उद्योगों में संरचित अप्रेंटिसशिप का अवसर प्राप्त होता है, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव के साथ रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत क्रेडिट आधारित अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण, प्रशिक्षण अवधि में स्टाइपेंड, उद्योगों के साथ प्रत्यक्ष कार्य अनुभव तथा कौशल विकास जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य कक्षा आधारित शिक्षा और उद्योगों की आवश्यकताओं के बीच की दूरी को कम करते हुए विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करना है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को एईडीपी के सफल क्रियान्वयन में उच्च शिक्षण संस्थानों, उद्योगों तथा विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका से भी अवगत कराया गया।
इसी दौरान वाणिज्य विभाग द्वारा एम.कॉम. चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों की प्रोजेक्ट एवं व्यापक मौखिक परीक्षा (Comprehensive Viva-Voce) भी आयोजित की गई। इस परीक्षा के विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रो. (डॉ.) कुलदीप अत्री, निदेशक, एचपीयू क्षेत्रीय केंद्र, धर्मशाला उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के शोध कार्यों का मूल्यांकन करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शोध, व्यावहारिक ज्ञान तथा समसामयिक विषयों पर गंभीर अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
वाणिज्य विभाग ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं कौशल विकास कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शोध क्षमता तथा रोजगार संभावनाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
