दिनाँक: 31/08/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में HGCTA की स्थानीय इकाई का पुनर्गठन, डॉ. परवेश गिल बने अध्यक्ष
नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन, कॉलेज के शताब्दी वर्ष पर भव्य सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के पुराने स्टाफ रूम में हिमाचल प्रदेश गवर्नमेंट कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (HGCTA) की स्थानीय इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों ने भाग लेते हुए एसोसिएशन की स्थानीय इकाई को नए सिरे से सक्रिय एवं सशक्त बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें डॉ. परवेश गिल को अध्यक्ष, डॉ. पूनम कुमारी धीमान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, डॉ. शैली पारुल भदवाल को उपाध्यक्ष, डॉ. गौरव महाजन को महासचिव तथा प्रो. गोविंद सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया।
इसी प्रकार डॉ. अमित कटोच एवं डॉ. दीपिका ठाकुर को सह सचिव तथा डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता को प्रेस सचिव का दायित्व सौंपा गया। सलाहकार मंडल में प्रो. संजय जसरोटिया, डॉ. बलराज सिंह बांद्राल, डॉ. वी. एस. वत्स, डॉ. अंजलि शर्मा एवं प्रो. अशोक कुमार को शामिल किया गया।
बैठक में महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास को ध्यान में रखते हुए आगामी शताब्दी वर्ष को विशेष रूप से मनाने का भी निर्णय लिया गया। सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के 100 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर एक भव्य सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा बैठक में महाविद्यालय शिक्षकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से करियर एडवांसमेंट स्कीम (CAS) तथा विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की अधिसूचना शीघ्र जारी करवाने को लेकर आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने शिक्षकों से संबंधित लंबित मामलों को उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने तथा उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
बैठक में डॉ. वीएस. वत्स, डॉ. आशीष रंजन, डॉ. नरेश मनकोटिया, डॉ. सरिता, डॉ. भरत, डॉ. शेफाली, डॉ. शिष्टा, डॉ. रीतू, डॉ. अंजना खरवाल, डॉ. नीरज कौशल एवं डॉ. अजय कुमार सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम शिक्षकों के हितों के साथ-साथ महाविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा एवं विकास को और मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
