दिनाक 13/09/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री कार्यक्रम की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में विद्यार्थियों को शैक्षणिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक एवं औद्योगिक अनुभव प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रदेश के चयनित राजकीय महाविद्यालयों में अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री कार्यक्रम (AEDP) लागू किया जा रहा है। इसी कड़ी में ब्यूरो ऑफ अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग (BOAT-NR), कानपुर के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की ओर से वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. परवेश गिल तथा सहायक आचार्य डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया और महाविद्यालय की ओर से समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नियमित शैक्षणिक अध्ययन के साथ कार्यस्थल आधारित प्रशिक्षण एवं उद्योगों में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, जिससे उनकी रोजगारपरक दक्षताओं और पेशेवर कौशल का विकास हो सके। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को संबंधित उद्योगों एवं संस्थानों में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। रिपोर्ट के अनुसार, अप्रेंटिसशिप अवधि के दौरान विद्यार्थियों को न्यूनतम 10,900 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
वाणिज्य विषय के विद्यार्थियों के लिए बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा (BFSI) जैसे रोजगारोन्मुखी क्षेत्रों को कार्यक्रम में शामिल किया गया है। इससे विद्यार्थियों को अपनी डिग्री के साथ-साथ वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव प्राप्त करने और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने में सहायता मिलेगी।
महाविद्यालय में इस कार्यक्रम के क्रियान्वयन को शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी कम करने तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर रोजगार एवं करियर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
