दिनाक: 05/10/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की छात्रा हिमानी शर्मा का BCCI अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन
महाविद्यालय परिवार में खुशी की लहर, प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने दी हिमानी को बधाई
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की छात्रा हिमानी शर्मा का भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। हिमानी की इस उपलब्धि से राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के समूचे महाविद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। उनकी इस सफलता ने महाविद्यालय के साथ-साथ उनके परिवार और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
हिमानी शर्मा ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और क्रिकेट के प्रति समर्पण के बल पर यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है। इससे पहले भी हिमानी ने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। अब BCCI की अंडर-19 टीम में चयन उनके खेल करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने हिमानी शर्मा के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमानी की यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। हिमानी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से अन्य विद्यार्थियों के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नरेश मनकोटिया ने भी हिमानी शर्मा की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमानी का राष्ट्रीय स्तर पर चयन उनकी निरंतर मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिमानी आने वाले समय में और भी ऊंचाइयां हासिल करेंगी तथा महाविद्यालय और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
महाविद्यालय परिवार ने हिमानी शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के अन्य विद्यार्थियों, विशेषकर युवा महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हिमानी ने यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और सही दिशा में मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला परिवार की ओर से हिमानी शर्मा को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं।
