दिनांक: 13/08/2025
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में पुस्तकालय दिवस व ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य आयोजन ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के पुस्तकालय विभाग द्वारा पुस्तकालय भवन में पुस्तकालय दिवस एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकालय संसाधनों, नियमों एवं उपयोग की पद्धति से अवगत कराना था, साथ ही उन्हें अध्ययन के प्रति प्रेरित करना भी रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं शरद सुमन अर्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया, समिति सदस्य प्रो. हर्षा राणा, प्रो. नरेश धीमान, प्रो. संजय कुमार, निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. शर्मीला शर्मा, डॉ. विक्रम श्रीवत्स, डॉ. बलराज, डॉ. अमित कटोच, प्रो. अंजलि शर्मा, प्रो. पूजा संदल, लाइब्रेरियन अंजना धरवाल, सहायक लाइब्रेरियन कविता शशि लता, निखिल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में आर्ट्स, कॉमर्स, साइंस एवं वी-वॉक संकायों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में कोलाज मेकिंग, पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतियोगिता परिणाम इस प्रकार रहे कोलाज मेकिंग प्रथम स्थान पलक चौधरी द्वितीय स्थान पायल तृतीय स्थान गुलसाज पोस्टर मेकिंग प्रथम स्थान हर्ष
द्वितीय स्थान गौतम तृतीय स्थान अक्षित स्लोगन लेखन प्रथम स्थान अक्षित शर्मा द्वितीय स्थान साहिल शमी तृतीय स्थान श्रेया शर्मा प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा पुस्तकालय किसी भी शैक्षणिक संस्थान का हृदय होता है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में अध्ययन की प्रवृत्ति को बल मिलता है और वे ज्ञान के नए क्षितिज की ओर अग्रसर होते हैं। मैं पुस्तकालय विभाग की इस पहल की सराहना करता हूं, जो विद्यार्थियों को पुस्तकालय संसाधनों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रही है।
इस अवसर पर पुस्तकालय भवन में विभिन्न प्रदर्शनी भी लगाई गईं, जिनमें महाविद्यालय की दुर्लभ व रेयर पुस्तकों का भी प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने पुस्तकालय का भ्रमण कर इसकी कार्यप्रणाली और सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण भारतीय पुस्तकालय विज्ञान के जनक डॉ. एस. आर. रंगनाथन की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय पुस्तकालय दिवस का आयोजन रहा। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा नाटक, गीत गायन, श्लोक व कविता पाठ की सुंदर प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने माहौल को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया। कार्यक्रम की सफलता का श्रेय पुस्तकालय विभाग को जाता है, जिसमें लाइब्रेरियन अंजना धरवाल एवं उनकी टीम कविता शशि लता, निखिल आदि ने पूरी तत्परता से कार्य किया।
