HamroClass Preloader

 दिनांक: 25/10/2025

राजकीय महाविधालय धर्मशाला  के रोवर्स को राष्ट्रीय जंबोरी के ग्रैंड फिनाले में मिली दोहरी सफलता ।

राजकीय महाविधालय धर्मशाला के लिए यह गौरव का क्षण है, कॉलेज के दो प्रतिभाशाली रोवर्स सुजल और शिवांश का चयन एक साथ स्वर्ण जयंती जंबोरी (Golden Jubilee Jamboree) और 19वीं राष्ट्रीय जंबोरी (19th National Jamboree) के ग्रैंड फिनाले के लिए हुआ है।

इन दोनों प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजनों का आयोजन आगामी 23 से 29 नवंबर, 2025 तक लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में किया जाएगा। यह दोहरी सफलता न केवल इन दोनों रोवर्स की कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रतिबद्धता का परिणाम है, बल्कि डिग्री कॉलेज धर्मशाला के रोवर/स्काउट दल के उत्कृष्ट प्रशिक्षण और मार्गदर्शन का भी प्रमाण है।

कॉलेज प्रिंसिपल प्रो. राकेश पठानिया ने इस उपलब्धि पर दोनों छात्रों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा, सुजल और शिवांश ने अपने परिश्रम और लगन से कॉलेज ही नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि हमारे रोवर कार्यक्रम की गुणवत्ता और समर्पण को दर्शाती है।

वहीं रोवर्स लीडर डॉ. अजय कुमार ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा, इन युवाओं ने साबित किया है कि समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। हमें विश्वास है कि राष्ट्रीय मंच पर वे उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

यह चयन न केवल कॉलेज के लिए सम्मान की बात है, बल्कि प्रदेश के सभी युवा रोवर्स के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी है। कॉलेज परिवार ने दोनों रोवर्स के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।