दिनांक: 12/08/2025
राज्य स्तरीय रेड रन मैराथन में नारायण यादव प्रथम स्थान पर, अब करेंगे राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का प्रतिनिधित्व ।
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश एड्स कंट्रोल सोसाइटी (HPSACS), शिमला द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय रेड रन युवा महोत्सव मैराथन का आयोजन शिमला में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों की रेड रिबन क्लब (RRC) के लगभग 45 छात्रों ने भाग लिया।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की रेड रिबन क्लब से जुड़ी तीन छात्र-छात्राएं नारायण यादव, विजय यादव एवं नैंसी ने इस राज्य स्तरीय मैराथन में भाग लिया। उनके साथ राजकीय महाविधालय धर्मशाला RRC सदस्य प्रो. सुमिता चौधरी भी शिमला गई थीं।
इस प्रतियोगिता में नारायण यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और राज्य स्तर पर विजेता बने। इस शानदार उपलब्धि के लिए उन्हें हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा 1500 हजार राशि देकर सम्मानित भी किया गया। अब नारायण यादव हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर की मैराथन में करेंगे, जो कि नागालैंड में आयोजित की जाएगी।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय धर्मशाला के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने नारायण यादव को बधाई देते हुए कहा यह हमारे महाविद्यालय और सम्पूर्ण जिला कांगड़ा के लिए गर्व का क्षण है। नारायण ने अपनी मेहनत और लगन से यह सिद्ध किया है कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। हम सबकी शुभकामनाएं उसके साथ हैं, और हमें विश्वास है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और कॉलेज का नाम रोशन करेगा।
महाविद्यालय के RRC सदस्यों में डॉ. नीरज कौशल, प्रो. ज्योति बाला, डॉ. पल्लवी शर्मा, प्रो. सुमिता चौधरी और प्रो. ऋषभ जरयाल ने भी विजेता एवं सभी प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई दी एवं नारायण को राष्ट्रीय स्तर के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
