दिनाक 04/09/2026
राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के तहत जागरूकता रैली एवं प्रतियोगिताएं आयोजित
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के स्वास्थ्य और पोषण क्लब व वनस्पति विज्ञान संकाय के सहयोग से राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के उपलक्ष्य में जागरूकता रैली तथा स्लोगन लेखन एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। जागरूकता रैली में जैव विज्ञान एवं कला संकाय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इसके साथ आयोजित स्लोगन लेखन एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने संतुलित आहार, स्वच्छ जीवनशैली तथा पोषण जागरूकता जैसे विषयों को अपनी रचनात्मकता के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में प्राणी विज्ञान विभाग की निविका ने प्रथम, दिव्या राणा ने द्वितीय तथा वनस्पति विज्ञान विभाग की निकिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में वनस्पति विज्ञान विभाग की गरिमा चौहान प्रथम, नविता द्वितीय तथा वनस्पति विज्ञान विभाग के लविश राबा एवं प्राणी विज्ञान विभाग की शिवांगी संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए रसायन विज्ञान विभाग की डॉ. पूनम धीमान तथा प्राणी विज्ञान विभाग की डॉ. शिष्टा शर्मा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं पोषण क्लब की संयोजक एवं वनस्पति विज्ञान
विभाग अध्यक्षा डॉ. अंजना खरवाल और अन्य प्राध्यापक डॉ. हर्षा राणा, डॉ. पूनम धीमान, डॉ. पूजा संदल, डॉ. शेली पारुल, डॉ. शिष्टा शर्मा, प्रो. पूजा दीवान, डॉ. आरती चंदेल उपस्थित रहे।
