HamroClass Preloader

 दिनाक: 08/10/2026

विज्ञान विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग एवं सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों पर सेमिनार आयोजित

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के रसायन विज्ञान विभाग की ओर से 8 अक्तूबर 2026 को विज्ञान विद्यार्थियों के लिए सरकारी क्षेत्र में करियर काउंसलिंग एवं भविष्य के अवसर” विषय पर एक महत्वपूर्ण करियर मार्गदर्शन सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 250 से अधिक विज्ञान विद्यार्थियों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी नौकरियों, प्रतियोगी परीक्षाओं और शोध के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के लिए द कोचिंग कॉन्सेप्ट अकादमी, चंडीगढ़ के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया था। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विज्ञान विषयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर शिक्षा के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने CSIR, DRDO और ISRO जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में वैज्ञानिक एवं तकनीकी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा तैयारी की रणनीति के बारे में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

इसके अलावा विद्यार्थियों को UPSC सिविल सेवा परीक्षा, राज्य लोक सेवा आयोग (PSC), बैंकिंग क्षेत्र तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के बारे में भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम, तैयारी की समय-सीमा, अध्ययन की रणनीति और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर उपयोगी सुझाव दिए।

सेमिनार के बाद विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसमें राष्ट्रीय समसामयिक घटनाक्रम, विज्ञान एवं तकनीकी विकास, तार्किक क्षमता तथा सामान्य जागरूकता से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा एवं त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान सहित विभिन्न विज्ञान विषयों के 250 से अधिक विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, पाठ्यक्रम प्रबंधन, अध्ययन सामग्री और समय प्रबंधन से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया।

कार्यक्रम की आयोजन सचिव डॉ. ऋतु बाला एवं डॉ. पूनम धीमान रहीं। रसायन विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.संजय जसरोटिया ने विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही लक्ष्य निर्धारित कर व्यवस्थित ढंग से करियर की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो राकेश पठानिया ने भी इस पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में रसायन विज्ञान विभाग की ओर से द कोचिंग कॉन्सेप्ट अकादमी, चंडीगढ़ के विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया गया। विभाग ने कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध एवं सरकारी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों को समझने और अपने करियर की बेहतर योजना बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।