दिनांक: 01/08/2026
विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस पर राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में पौधरोपण एवं पुष्प क्यारियों के रखरखाव का आयोजन
धर्मशाला। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के रोवर्स एवं रेंजर्स क्लब द्वारा शनिवार को विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस उत्साह एवं सेवा भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड आंदोलन के आदर्शों को आत्मसात करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया को स्काउट स्कार्फ पहनाकर सम्मानित करने के साथ हुआ। इस दौरान प्राचार्य प्रो. पठानिया ने रोवर्स एवं रेंजर्स क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्काउट एवं गाइड आंदोलन युवाओं में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस के अवसर पर स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया तथा पुराने भवन परिसर में स्थित पुष्प क्यारियों का रखरखाव कर परिसर की हरियाली एवं सौंदर्य को संवारने में अपना योगदान दिया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण और हरित वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
यह कार्यक्रम रोवर लीडर डॉ. अजय कुमार एवं रेंजर लीडर डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 30 रोवर्स एवं रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए टीम भावना, अनुशासन, सेवा और जिम्मेदारी का परिचय दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्काउट प्रतिज्ञा का पालन करने, समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
