दिनांक: 30/07/2026
संस्कृत विभाग द्वारा संस्कृत साहित्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के संस्कृत विभाग द्वारा प्राचार्य डॉ.राकेश पठानिया के मार्गदर्शन में संस्कृत साहित्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में संस्कृत विभाग के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी साहित्यिक प्रतिभा एवं ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मंगलाचरण एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आरम्भ की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को चार टीमों में विभाजित किया गया, जिनके नाम भारतीय ऋषि-परम्परा के महान मनीषियों—महर्षि विश्वामित्र, महर्षि गौतम, महर्षि वाल्मीकि तथा महर्षि वेदव्यास के नाम पर रखे गए थे।
प्रतियोगिता में सभी टीमों के बीच अत्यंत रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। विभिन्न चरणों में संस्कृत साहित्य, महाकाव्यों, गद्यकाव्यों तथा भारतीय ज्ञान-परम्परा से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जिनका प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास एवं उत्साह के साथ उत्तर दिया।
प्रतियोगिता में महर्षि विश्वामित्र टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम में एकता, आकांक्षा, वैष्णवी तथा सचिन कुमार शामिल रहे। महर्षि वेदव्यास टीम ने द्वितीय तथा महर्षि वाल्मीकि टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर संस्कृत विभागाध्यक्षा डॉ.स्वर्ण लता शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में संस्कृत साहित्य के प्रति रुचि, अध्ययनशीलता, तर्कशक्ति तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, दर्शन और ज्ञान-विज्ञान की मूल धारा संस्कृत भाषा एवं साहित्य में निहित है। इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों को बधाई दी गई तथा सभी प्रतिभागियों के उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार की शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
