दिनाँक: 25/08/2026
संस्कृत सप्ताह का शुभारम्भ, श्लोक लेखन प्रतियोगिता आयोजित
धर्मशाला, 25 अगस्त। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के संस्कृत विभाग ने संस्कृत सप्ताह के शुभारम्भ पर श्लोक लेखन प्रतियोगिता आयोजित की। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वेद, पुराण, शास्त्र, स्मृति और संस्कृत साहित्य के अन्य ग्रंथों से प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक श्लोकों को लिखकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
परिणामों के अनुसार अंशू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रिधिमा शर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि अंकिता और काजल ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों का चयन श्लोकों की शुद्धता, लेखन की स्पष्टता एवं सुंदरता, प्रस्तुतीकरण तथा विषयवस्तु की प्रासंगिकता के आधार पर कियागया ।
प्रतियोगिता के लिए गठित निर्णायक मंडल में डॉ. शैली पारुल और डॉ. स्वर्ण लता शर्मा शामिल रहीं। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का निर्धारित मूल्यांकन मानदंडों के आधार पर समग्र रूप से आकलन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति और ज्ञान-परम्परा के प्रति रुचि बढ़ाना था। विभाग द्वारा संस्कृत सप्ताह के दौरान अन्य शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएँगी।
