दिनांक: 23/09/2025
सुरों की गूंज से गूंजा राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला ।
टूरिज़्मो त्रिगर्त कार्निवल के बैनर तले सुरों का भव्य महोत्सव आयोजित ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में टूरिज़्मो त्रिगर्त कार्निवल के अंतर्गत सोमवार को सुरों का महोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कॉलेज सभागार में आयोजित इस आयोजन में नगर निगम धर्मशाला के पार्षद एवं पूर्व महापौर देवेंद्र सिंह जग्गी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन से हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने मुख्य अतिथि का शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। सुरों का यह महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है। टूरिज़्मो त्रिगर्त कार्निवल जैसी पहल से न केवल कला और संस्कृति को बढ़ावा मिलता है, बल्कि युवाओं को आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भी प्राप्त होती है। सभी अतिथियों के स्वागत के लिए रफीक मोहम्मबद मैजिकल ग्रुप की टीम ने शहनाई वादन से स्वागत किया।
संगीतमय माहौल में छात्रों ने गायन और वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्णायक की भूमिका प्रो. डॉ. पल्लवी शर्मा और प्रो. साधना अवस्थी ने निभाई। गायन प्रतियोगिता में शिवांश (प्रथम), राधा (द्वितीय), दीक्षा व तुषार (तृतीय) स्थान पर रहे. वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में अभिनव (प्रथम), निखिल (द्वितीय), आर्यन (तृतीय) स्थान हासिल किया। हिस्ट्री स्टोरी टेलिंग में अंकिता (प्रथम), रेखा (द्वितीय), ऋतु (तृतीय) स्थान पर रही। इस प्रतियोगिता में प्रो. निशेष और प्रो. धीरज कटोच निर्णायक रहे। संगीतमय वातावरण में छात्रों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर सभागार में समां बांध दिया। महोत्सव में गायन प्रतियोगिता और वाद्य यंत्र प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें निर्णायक की भूमिका संगीत विभाग की प्रो. डॉ. पल्लवी शर्मा और प्रो. साधना अवस्थी ने निभाई।
इस दौरान मैप मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। इस मौके पर धर्मशाला का प्रसिद्ध हिल्स रूट ऑर्केस्ट्रा बैंड भी आकर्षण का केंद्र रहा। निदेशक सन्नी और उनकी टीम चेतन बिराट व पवन की प्रस्तुति ने सभागार में समां बांध दिया। मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई दी और महाविद्यालय परिवार की सराहना की।
प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने अपने स्वागत भाषण में कहा महाविद्यालय विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभाओं को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। टूरिज़्मो त्रिगर्त कार्निवल जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और सांस्कृतिक धरोहर को मंच पर लाने का अवसर प्रदान करते हैं। समारोह के अंत में डॉ. अमित कटोच ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और कॉलेज स्टाफ का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर कॉलेज स्टाफ सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।
