15/09/2025
हिंदी पखवाड़े में छात्रों ने बिखेरी प्रतिभा, प्राचार्य ने दिया हिंदी को गौरव से अपनाने का संदेश ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के हिंदी विभाग द्वारा हिंदी पखवाड़ा बड़े हर्षोल्लास और सांस्कृतिक धूमधाम के साथ मनाया गया। हिंदी दिवस पर आयोजित इस विशेष समारोह में छात्रों ने अपनी साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद मंच पर कविताओं, निबंध, भाषण, दोहा वाचन, नारा लेखन और लघु नाटिकाओं की प्रस्तुति ने वातावरण को हिंदीमय बना दिया।
मुख्य अतिथि और महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि हमारे स्वाभिमान, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की पहचान है। युवा पीढ़ी का कर्तव्य है कि वे हिंदी को केवल बोलचाल तक सीमित न रखें, बल्कि इसे ज्ञान विज्ञान और तकनीक की भी सशक्त भाषा बनाएं। हिंदी को गर्व से अपनाइए और विश्व पटल पर इसकी पहचान को मजबूत कीजिए।
हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. अंजली शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा हिंदी हमारे विचारों और अभिव्यक्ति की आत्मा है। यह हमें हमारी जड़ों से जोड़ती है और विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता को आगे बढ़ाने का अवसर देती है।
प्रतियोगिताओं में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। काव्य पाठ प्रतियोगिता में अंकुश शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, हर्षिता द्वितीय और मेघा तृतीय रही।
भाषण प्रतियोगिता में अंकिता प्रथम, पुष्पा धीमान द्वितीय और अंकुश तृतीय स्थान पर रहे। दोहा वाचन प्रतियोगिता में कविता प्रथम, दीप राज द्वितीय और स्मृति तृतीय रही। नारा लेखन प्रतियोगिता में आशा प्रथम, पायल द्वितीय और कृति वैद तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम का संचालन छात्रों द्वारा किया गया और निर्णायक मंडल में प्रो. अंजलि शर्मा, प्रो. हर्षा राणा, प्रो. पूजा शांडिल, प्रो. ऋषभ तथा डॉ. अनीश धीमान ने अपनी भूमिका निभाई।
इस अवसर पर मंच से विभागीय शिक्षकों ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया। समारोह में प्रो. विक्रम श्रीवत्स, डॉ. ध्यान चंद, डॉ. ऋतु बाला, डॉ. अंजना खरबाल, डॉ. राधे श्याम, प्रो. श्रेष्ठा, प्रो. बालक राम, प्रो. निशेष सहित हिंदी विभाग के सभी विद्यार्थी मौजूद रहे।
