दिनांक 15/09/2025
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस पर मॉक संसद का आयोजन ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के लोक प्रशासन विभाग की ओर से अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में मॉक संसद का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में पधारे, जबकि राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवा से प्रो. सीमा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने से हुआ। सबसे पहले विभाग की छात्रा रिया ने अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के इतिहास, महत्व एवं लोकतंत्र की आधारभूत विशेषताओं पर प्रकाश डाला।
मॉक संसद में विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह और गंभीरता के साथ भागीदारी की। कुछ छात्रों ने सत्ता पक्ष के सदस्यों की भूमिका निभाई जबकि अन्य छात्रों ने विपक्ष की ओर से मुद्दे उठाए। विपक्षी सदस्यों ने आपदा प्रबंधन, पहलगाम आतंकी हमला, नारी सशक्तिकरण, शिक्षा सुधार जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा की, जिनका सत्ता पक्ष के मंत्रियों ने प्रभावशाली उत्तर प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि लाहौल-स्पीति की छात्राओं ने पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि प्रो. राकेश पठानिया ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ युवाओं को देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया और विकास यात्रा में अपनी सार्थक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती हैं। आज विद्यार्थियों ने जिस गहराई और प्रभावशाली ढंग से राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की, वह सराहनीय है और यह साबित करता है कि हमारी युवा पीढ़ी जागरूक और जिम्मेदार है।
विशेष अतिथि प्रो. सीमा ने कहा कि लोकतंत्र तभी सशक्त होगा जब युवा वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए। आज के कार्यक्रम ने छात्रों को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया बल्कि उनमें नेतृत्व कौशल भी विकसित किया।”
विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कहा कि लोक प्रशासन विभाग का यह प्रयास विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान देने की दिशा में एक सफल पहल है। मॉक संसद जैसी गतिविधियाँ छात्रों को संविधान, लोकतंत्र और संसदीय परंपराओं की गहरी समझ प्रदान करती हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कॉलेज प्राचार्य प्रो राकेश पठानिया व सभी विभाग के बिभागाध्यक्ष और प्राध्यापकों सहित विद्यार्थियों का आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट वक्ताओं के रूप में तमन्ना, मान्या और सानवी को चुना गया, जबकि सर्वश्रेष्ठ वक्ता का खिताब परिणिका ने अपने नाम किया। कार्यक्रम का संचालन निवृति ने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से किया, जिसकी सभी ने प्रशंसा की।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल में डॉ दीपिका ठाकुर डॉक्टर गौरव महाजन प्रोफेसर संजय कुमार ने भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान प्रो रजनीश दीवान, डॉ विक्रम श्रीवत्स, डॉ प्रवेश गिल, डॉ मोनिका मक्कड, प्रो पूजा दीवान, प्रो नीरज कौशल, प्रो बालक राम, प्रो गोविंद, डॉ भरत भूषण, डॉ अमित कटोच, प्रो निषेश कुमार व विद्यार्थी मौजूद रहे।
