दिनांक: 11/03/2026
एम.एससी. रसायन विज्ञान (द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर) के विद्यार्थियों ने पालमपुर स्थित सीएसआईआर–इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन बायोरिसोर्स टेक्नोलॉजी (IHBT) का एक ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण किया।
राजकीय महाविद्यालय के एम.एससी. रसायन विज्ञान (द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर) के विद्यार्थियों ने हाल ही में पालमपुर स्थित सीएसआईआर–इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन बायोरिसोर्स टेक्नोलॉजी (IHBT) का एक ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण किया। इस शैक्षणिक यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार तथा व्यावहारिक ज्ञान को नजदीक से समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने CSIR-IHBT, पालमपुर की अत्याधुनिक शोध प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया तथा रसायन विज्ञान के क्षेत्र में चल रहे विभिन्न शोध कार्यों की जानकारी प्राप्त की। वैज्ञानिकों के साथ हुई संवादात्मक चर्चा और आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों के अवलोकन से विद्यार्थियों की अनुसंधान पद्धतियों तथा विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध कैरियर संभावनाओं के प्रति उनकी समझ और भी व्यापक हुई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संस्थान परिसर स्थित ट्यूलिप गार्डन का भी भ्रमण किया, जहां की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता ने सभी को आकर्षित किया और विद्यार्थियों को हिमालयी क्षेत्र की जैव विविधता के प्रति भी जागरूक किया।
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान रसायन विज्ञान विभाग की सहायक आचार्य डॉ. पूनम राणा एवं प्रो. संजीवनी कश्यप विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं और उनके मार्गदर्शन में यह शैक्षणिक यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने इस शैक्षणिक भ्रमण की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन में अत्यंत सहायक सिद्ध होती हैं तथा उन्हें शोध और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
वहीं भ्रमण के साथ गईं डॉ. पूनम राणा एवं प्रो. संजीवनी कश्यप ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक और शोध आधारित शिक्षा को समझने का अवसर मिलता है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे विज्ञान के क्षेत्र में बेहतर करियर बनाने के लिए प्रेरित होते हैं।
