दिनांक: 21/04/2026
डिग्री कॉलेज धर्मशाला में ‘ब्रेनोवा 26’ का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाया तकनीकी कौशल
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के कम्प्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग द्वारा ब्रेनोवा 26 नामक तकनीकी महोत्सव का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन ने पूरे परिसर को नवाचार, सृजनात्मकता और प्रतिस्पर्धा के उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज प्रिंसिपल प्रोफेसर राकेश पठानिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा शोध एवं नवाचार की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में समस्या समाधान क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान को विकसित करते हैं।
इस अवसर पर विभाग के संयोजक प्रोफेसर रजनीश दीवान, प्रोफेसर संजय जसरोटिया तथा डॉ. नरेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
यह तकनीकी महोत्सव विभाग के कोडिंग एवं परियोजना क्लब द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें 23 छात्र टीमों ने सीमित समय में अपनी प्रोग्रामिंग क्षमता और तार्किक समस्या समाधान कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को दो भागों त्वरित समाधान (कोडिंग हैकाथॉन) और प्रोटोडर्शन (सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर परियोजनाओं का प्रदर्शन) में विभाजित किया गया।
कड़े मुकाबले और विस्तृत मूल्यांकन के बाद त्वरित समाधान श्रेणी में टीम बाइट क्लब ने प्रथम स्थान, टीम टी ने द्वितीय स्थान तथा टीम टेक ब्रोज़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रोटोडर्शन श्रेणी में टीम एक्सियंस प्रथम, टीम डिजिटल विजिलेंट्स द्वितीय तथा टीम कंट्रोल आरआरआर तृतीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में विभिन्न संस्थानों एवं उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञ शामिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों के कार्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया।
आयोजन को सफल बनाने में विभागाध्यक्ष डॉ. पवन ठाकुर, प्रो. सुनीता धीमान, डॉ. पूनम राणा, प्रो. दिव्या वर्मा, प्रो. नेहा वर्मा तथा प्रो. कनिका कपूर सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अंत में संयोजक प्रो. रजनीश दीवान ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में ऐसे और नवाचारपूर्ण आयोजनों की प्रतिबद्धता जताई।
