दिनाँक: 26/08/2026
बीसीए विभाग द्वारा करियर अवसरों पर विशेष व्याख्यान आयोजित
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के बीसीए विभाग द्वारा प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए करियर अवसरों विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एचसीएलटेक की ओर से विशेषज्ञ **कनिक मंधोत्रा** ने विद्यार्थियों को सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न रोजगार एवं करियर अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों को एचसीएलटेक में उपलब्ध करियर संभावनाओं, आवश्यक तकनीकी कौशल, रोजगार के लिए जरूरी तैयारियों तथा वर्तमान उद्योग जगत की अपेक्षाओं से अवगत करवाया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर कौशल विकास करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न रोजगार एवं करियर अवसरों की जानकारी मिलना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे विशेषज्ञ व्याख्यान विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार सही करियर दिशा चुनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बीसीए विभागाध्यक्ष डॉ. रंजीत ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान, संचार कौशल तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में बीसीए विभागाध्यक्ष डॉ. रंजीत ठाकुर सहायक प्रो रितेश ठाकुर एवं सहायक प्रो. निशांत धीमान भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को कार्यक्रम का लाभ उठाने तथा अपने भविष्य के प्रति गंभीरता से योजना बनाने के लिए प्रेरित किया।
यह विशेष सत्र विशेष रूप से बीसीए प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य उन्हें सूचना प्रौद्योगिकी एवं कॉर्पोरेट क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार और करियर के विभिन्न अवसरों से परिचित करवाना था। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं मार्गदर्शक रहा।
