दिनाँक: 27/08/2026
राष्ट्रीय खेल दिवस पर डिग्री कॉलेज धर्मशाला में ‘खेलो इंडिया संवाद-2026’ आयोजित
राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की एनएसएस इकाई द्वारा 27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया संवाद-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के माई भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के कला खंड स्थित कमरा नंबर 201 में आयोजित हुआ, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवियों, शिक्षकों एवं अन्य महाविद्यालय सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे प्रतिभागियों के एकत्रित होने के साथ हुआ। इसके पश्चात पंजीकरण, बैठक व्यवस्था एवं लाइव कार्यक्रम के लिए आवश्यक तकनीकी तैयारियां पूरी की गईं। प्रतिभागियों ने स्वागत संबोधन, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री के संबोधन तथा राष्ट्रीय खेल दिवस एवं खेल क्षेत्र से संबंधित लघु फिल्मों का प्रदर्शन देखा। इसके बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का संबोधन लाइव प्रसारित किया गया।
प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत स्थानीय स्तर पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ के अंतर्गत परिचर्चा आयोजित की गई, जिसमें खेल अधोसंरचना, भारत में खेलों के विकास, युवाओं की खेलों में भागीदारी तथा आगामी अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए भारत की तैयारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. निशेष कुमार एवं डॉ. दीपिका ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर ऑफसीइटिंग प्रिंसिपल प्रो अंजली शर्मा एन एस एस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपिका ठाकुर, प्रो निषेश कुमार, डॉ अमित कटॉच, प्र. तरसेम जरयाल, सहित अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया। एनएसएस इकाई के यूनिट लीडर मोहित कल्याण ने भी लगभग 11 बजे कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के समन्वय एवं सुचारु संचालन में मीडिया हेड प्रवीण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित युवा संवाद सत्र में युवाओं ने नागरिक जिम्मेदारी, भविष्य के लिए आवश्यक कौशल, स्वयंसेवा तथा माई भारत मंच को सशक्त बनाने जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने युवाओं को अनुशासित, सक्रिय एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि खेल युवाओं के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ जीवनशैली के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
‘खेलो इंडिया संवाद-2026’ कार्यक्रम ने प्रतिभागियों में खेलों एवं युवा सहभागिता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ स्वस्थ, अनुशासित एवं प्रगतिशील भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका का संदेश दिया।
