HamroClass Preloader

दिनाँक: 04/09/2026

तकनीकी शिक्षा के साथ करियर की उड़ान भरेंगे धर्मशाला कॉलेज के बी.टेक. विद्यार्थी

दो दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने AI, मशीन लर्निंग, क्लाउड कंप्यूटिंग सहित रोजगार एवं उच्च शिक्षा की संभावनाओं से करवाया रूबरू

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में बी.टेक. (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित दो दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हुआ। महाविद्यालय के School of Computer Science Engineering & Technology द्वारा 02 एवं 03 सितंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ उच्च शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और आधुनिक तकनीकों में करियर की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राकेश पठानिया ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को अपने तकनीकी कौशल, व्यावहारिक ज्ञान, नवाचार और निरंतर सीखने की क्षमता को विकसित करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय में उपलब्ध आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाने तथा अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान NIT हमीरपुर के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के विशेषज्ञों डॉ. प्रदीप एवं डॉ. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों को बी.टेक. के बाद सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार, उच्च शिक्षा तथा देश-विदेश में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी। डॉ. राजीव कुमार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते महत्व के साथ तकनीकी ज्ञान में मानवीय मूल्यों और नैतिक जिम्मेदारियों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

दूसरे दिन TechMatrix IT Consulting, धर्मशाला के प्रोजेक्ट मैनेजर अनुज कुमार ने Cloud Computing एवं Salesforce जैसे तेजी से उभरते क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं तथा आवश्यक तकनीकी कौशल और प्रमाण-पत्रों के बारे में जानकारी दी। वहीं बी.टेक. CSE के पूर्व विद्यार्थी एवं IIT Ropar के Ph.D. Research Scholar लकी शर्मा ने अपनी शैक्षणिक एवं करियर यात्रा साझा करते हुए विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. पवन ठाकुर ने PPT के माध्यम से विद्यार्थियों को बी.टेक. के Course Curriculum, विषयों, प्रयोगात्मक शिक्षा एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, नगरोटा बगवां के डॉ. आशीष शर्मा ने Artificial Intelligence एवं Machine Learning के तेजी से बढ़ते क्षेत्र और इसमें उपलब्ध रोजगार एवं करियर संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

इंडक्शन कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. संजय जसरोतिया ने विभाग की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं गतिविधियों से विद्यार्थियों को अवगत करवाते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बदलती तकनीकी दुनिया की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने, कौशल विकसित करने और भविष्य के लिए सही करियर दिशा चुनने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने सभी अतिथियों, प्राचार्य, शिक्षकों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए Vote of Thanks प्रस्तुत किया। दो दिवसीय कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी रहा तथा इसने उन्हें बी.टेक. की शैक्षणिक यात्रा के साथ अपने उज्ज्वल व्यावसायिक भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।