दिनाक 13/09/2026
धर्मशाला कॉलेज के निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण सहित तीन पदक और दो उपविजेता ट्रॉफियां जीतीं
धर्मशाला कॉलेज के निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन, दो स्वर्ण सहित तीन पदक और दो उपविजेता ट्रॉफियां जीतीं
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की 9वीं अंतर महाविद्यालय निशानेबाजी प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के निशानेबाजों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया। 9 से 11 सितंबर तक आईजीएसएससी, शिमला में आयोजित पुरुष एवं महिला वर्ग की इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय की टीमों ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक सहित दो उपविजेता ट्रॉफियां अपने नाम कीं।
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने 1624 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। टीम में जयवंश ने 556, विशाल ने 542 तथा प्रथम राजपूत ने 526 अंक अर्जित किए। वहीं, महिला वर्ग में काशी राणा, खुशी और आरुषि की एयर पिस्टल टीम ने 1496 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। काशी राणा ने 526, खुशी ने 482 तथा आरुषि ने 488 अंक प्राप्त किए।
महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 1622 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता। टीम में अपूर्वा ने 588, आकांक्षा ने 564 तथा सुकन्या ने 470 अंक अर्जित किए। व्यक्तिगत स्पर्धा में अपूर्वा ने रजत पदक हासिल कर अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया, जबकि जयवंश ने कांस्य पदक जीतकर अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय निशानेबाजी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
महाविद्यालय की महिला राइफल एवं पिस्टल टीम तथा पुरुष राइफल एवं पिस्टल टीम ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपविजेता ट्रॉफियां प्राप्त कीं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। प्राचार्य तथा महाविद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। यह उपलब्धि महाविद्यालय में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
