दिनाक 12/09/2026
केंद्रीय विश्वविद्यालय में संस्कृत प्रतियोगिताओं में धर्मशाला महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने किया शानदार प्रदर्शन
केन्द्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में 7 से 11 अगस्त तक आयोजित संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न संस्कृत विषयक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यालय, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर के लगभग 20 संस्थानों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। विभिन्न संस्थानों से आई प्रतिभाओं के बीच आयोजित इन प्रतियोगिताओं में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
रसप्रश्न प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की छात्राएँ अंकिता एवं रिधिमा शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र अरूण कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने महाविद्यालय के संस्कृत विभाग की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता को भी रेखांकित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियाँ न केवल उनकी प्रतिभा एवं परिश्रम का परिणाम हैं, बल्कि महाविद्यालय में उन्हें मिल रहे निरंतर प्रोत्साहन का भी प्रतिफल हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर संस्कृत विभागाध्यक्षा डॉ. स्वर्ण लता शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगभग 20 संस्थानों के प्रतिभागियों के बीच स्थान प्राप्त करना विद्यार्थियों की संस्कृत विषय के प्रति रुचि, लगन एवं निरंतर अभ्यास को दर्शाता है। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश पठानिया का निरंतर मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सकारात्मक सहयोग रहा। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी संस्कृत की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया एवं संस्कृत विभागाध्यक्षा डॉ. स्वर्ण लता शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उपलब्धि पर राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला परिवार ने विद्यार्थियों पर गर्व व्यक्त किया।
