दिनाक: 17/09/2026
रेड रन 2026 में धर्मशाला कॉलेज के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, चार पुरस्कार जीतकर बढ़ाया महाविद्यालय का गौरव
रेड रन 2026 में धर्मशाला कॉलेज के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, चार पुरस्कार जीतकर बढ़ाया महाविद्यालय का गौरव
जिला स्तरीय युवा उत्सव मैराथन ‘रेड रन 2026’ का आयोजन बुधवार को जोनल अस्पताल परिसर, धर्मशाला में किया गया। ‘यूथ फॉर एचआईवी/एड्स एंड टीबी अवेयरनेस’ थीम के तहत आयोजित इस मैराथन में जिला कांगड़ा के 10 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स एवं तपेदिक (टीबी) के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
रेड रिबन क्लब, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के पांच विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया और महाविद्यालय के नाम चार पुरस्कार किए। महिला वर्ग में यशवी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 2500 रुपये का नकद पुरस्कार जीता। पुरुष वर्ग में अंश कमल ने प्रथम स्थान हासिल कर 2500 रुपये, आलोक यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त कर 1500 रुपये तथा सुजल ने विशेष प्रशंसा (चतुर्थ स्थान) प्राप्त कर 700 रुपये का पुरस्कार जीता।
इस उपलब्धि के साथ महाविद्यालय के विजेता विद्यार्थी जिला कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करते हुए शिमला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय युवा उत्सव मैराथन में भाग लेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने रेड रिबन क्लब के प्रभारी डॉ. नरेश सिंह मनकोटिया एवं क्लब के सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की, जिन्होंने विद्यार्थियों को जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कांगड़ा के कार्यालय एवं हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी (एचपीएसएसीएस) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
