दिनाक: 27/09/2026
आरसीईडी के सहयोग से जीसी धर्मशाला में कार्यशाला आयोजित
विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान एवं नवीन अवसरों से कराया अवगत
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के बीबीए विभाग द्वारा आरसीईडी के सहयोग से विद्यार्थियों के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देशय से विद्यार्थियों को विषय से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें नवीन अवसरों, आवश्यक कौशल एवं बदलते कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं से अवगत करवाना रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया तथा बीबीए विभाग के समन्वयक डॉ. परवेश गिल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभाग के संकाय सदस्य प्रो. धीरज कटोच, प्रो. मिनाक्षी सरोच एवं प्रो. सुजाता कौंडल भी मौजूद रहे।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं तथा विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बदलते शैक्षणिक एवं व्यावसायिक परिदृश्य के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विशेषज्ञों के साथ संवाद किया तथा विषय से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने प्रश्न एवं जिज्ञासाएं साझा कीं। संवादात्मक वातावरण में आयोजित कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रही।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक कौशल, नवीन जानकारी और उद्योग जगत की आवश्यकताओं को समझना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की कार्यशालाओं एवं कौशल आधारित गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में बीबीए विभाग द्वारा आरसीईडी के सहयोग एवं विशेषज्ञों के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य में आयोजित होने वाले ऐसे शैक्षणिक एवं कौशल विकास कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
