दिनाक: 28/09/2026
धर्मशाला कॉलेज में 57वां एन एस एस स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया
100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर में 150 पंजीकरण, 100 यूनिट रक्त एकत्रित
धर्मशाला, 24 सितंबर 2026। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन एस एस) का 57वां स्थापना दिवस उत्साह एवं सामाजिक सरोकार की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मेगा रक्तदान शिविर, वस्त्र एवं सामुदायिक सहायता अभियान तथा नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एन एस एस ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया मुख्य अतिथि, केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश से डॉ. नरेंद्र कुमार पांडे विशिष्ट अतिथि तथा श्री विजय इंदर करण विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कहा कि एन एस एस दिवस पर इस प्रकार की सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन गर्व का विषय है। रक्तदान और जन-जागरूकता जैसे अभियान विद्यार्थियों में सेवा भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें सकारात्मक सोच के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
रक्तदान शिविर में 100 यूनिट रक्त एकत्रित
कॉलेज के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एन एस एस के सहयोग क्लब द्वारा निफा कांगड़ा और धर्मशाला सेवियर के सहयोग से मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। निफा कांगड़ा की ओर से राज्य अध्यक्ष श्री तरुण धीमान के साथ जिला अध्यक्ष शालिमा शर्मा और जिला समन्वयक आशिव कुमार ने सहयोग प्रदान किया। जोनल अस्पताल धर्मशाला की रक्त बैंक टीम, डॉ. गरिमा थापा के नेतृत्व में, रक्त संग्रहण के लिए उपस्थित रही।
कॉलेज के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शिविर में 100 रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था। शिविर को लोगों का उत्साहजनक समर्थन मिला और 150 लोगों ने पंजीकरण करवाया, जिनमें से 100 सफल रक्तदान किए गए। एन एस एस स्वयंसेवकों ने पंजीकरण, व्यवस्था एवं समन्वय में सक्रिय भूमिका निभाई।
जरूरतमंद परिवारों के लिए वस्त्र एवं सामग्री वितरित
एन एस एस के प्रकृति क्लब द्वारा नजदीकी स्लम क्षेत्र में सामुदायिक एवं वस्त्र दान अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने जरूरतमंद बच्चों और परिवारों को कपड़े, जूते तथा अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। इसके साथ ही बच्चों की शिक्षा को सहयोग देने के लिए पुस्तकें एवं शैक्षणिक सामग्री भी प्रदान की गई। इस गतिविधि के माध्यम से स्वयंसेवकों ने समुदाय के साथ संवाद करते हुए सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को समझा।
नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश
एन एस एस के युवा मंच क्लब द्वारा बी.एससी. ब्लॉक के बाहर नशा मुक्ति विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेवकों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
पूरे कार्यक्रम का आयोजन एन एस एस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. दीपिका ठाकुर एवं प्रो. निशेष कुमार के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण में किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न संकाय सदस्यों एवं एन एस एस स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर प्रो. निशेष कुमार ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने यूनिट लीडर्स सुश्री एप्शिता एवं श्री मोहित, सहयोग क्लब की प्रभारी सुश्री रश्मि, प्रकृति क्लब की प्रभारी सुश्री समीक्षा तथा युवा मंच क्लब की प्रभारी सुश्री नंदिनी, उनकी टीमों एवं सभी एन एस एस स्वयंसेवकों के विशेष प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि रक्तदान, सामुदायिक सेवा और नशा मुक्ति जागरूकता जैसी गतिविधियों ने एन एस एस के मूल मूल्यों—सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी, टीम भावना और सामुदायिक सहभागिता—को सार्थक रूप से प्रदर्शित किया है।
कार्यक्रम ने एन एस एस के मूल मंत्र “Not Me But You” (मैं नहीं, आप) को सार्थक करते हुए विद्यार्थियों को समाज एवं राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित किया।
