HamroClass Preloader

 दिनांक: 15/10/2026

बेंगलुरु में हिमानी शर्मा का बल्ला गरजा, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला का नाम किया रोशन!

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की होनहार छात्रा हिमानी शर्मा ने बीसीसीआई महिला अंडर-19 टी-20 ट्रॉफी (एलीट ग्रुप) में अपनी शानदार बल्लेबाजी से पूरे हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है। झारखंड के खिलाफ मुकाबले में हिमानी ने महज 45 गेंदों में 10 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 79 रन की तूफानी पारी खेलकर हिमाचल प्रदेश को 8 विकेट से शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

हिमानी की इस असाधारण उपलब्धि पर राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया, प्रो. नरेश मनकोटिया सहित समस्त शिक्षक वर्ग ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। महाविद्यालय परिवार ने कहा कि हिमानी की यह उपलब्धि संस्थान के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उनकी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

महाविद्यालय परिवार ने हिमानी के माता-पिता को भी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने हिमानी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियों की प्रतिभा को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकती हैं। हिमानी की सफलता महाविद्यालय की अन्य छात्राओं को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।

महाविद्यालय परिवार की ओर से हिमानी को भविष्य में और बड़ी सफलताओं तथा भारतीय महिला क्रिकेट टीम में स्थान हासिल करने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं!

हिमानी, आपकी सफलता पर पूरे महाविद्यालय को गर्व है। आगे बढ़ो, चमको और देश का नाम रोशन करो!

बेटियां किसी से कम नहीं, बस उन्हें अवसर और प्रोत्साहन की जरूरत है।