HamroClass Preloader

 दिनांक: 19/10/2026

एचपीयू अंतर-महाविद्यालय बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 का खिताब पहली बार महाविद्यालय के नाम

महाविद्यालय के लिए अत्यंत हर्ष, गौरव एवं ऐतिहासिक उपलब्धि का क्षण है कि महाविद्यालय की पुरुष बास्केटबॉल टीम ने एचपीयू (HPU) अंतर-महाविद्यालय बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 का विजेता खिताब अपने नाम कर लिया है।

17 से 19 अक्टूबर 2026 तक डीएवी महाविद्यालय, कांगड़ा में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हमारी टीम ने शानदार खेल, अद्भुत टीम भावना, अनुशासन एवं अटूट आत्मविश्वास का परिचय देते हुए 20 वर्षों से लगातार चैंपियन रहे डीएवी कांगड़ा को उन्हीं के घरेलू मैदान पर 76-57 अंकों के अंतर से पराजित कर पहली बार विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

यह जीत केवल एक ट्रॉफी की उपलब्धि नहीं, बल्कि महाविद्यालय के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय का शुभारंभ है। इस ऐतिहासिक सफलता के साथ ही महाविद्यालय के चार खिलाड़ियों का अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए चयन होना भी पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।

इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर एवं टीम प्रशिक्षक डॉ. नरेश मनकोटिया तथा पूरी बास्केटबॉल टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, कठिन परिश्रम एवं समर्पण की सराहना करते हुए इसे महाविद्यालय के लिए गौरवशाली उपलब्धि बताया।

महाविद्यालय की खेल समिति के संयोजक डॉ. बलराज एवं उनकी समस्त टीम ने भी इस ऐतिहासिक जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. नरेश मनकोटिया, सभी खिलाड़ियों एवं शारीरिक शिक्षा विभाग को बधाई दी।

समस्त महाविद्यालय परिवार इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विजेता टीम एवं उनके प्रशिक्षक को हार्दिक बधाई देता है तथा अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए चयनित चारों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन की मंगलकामना करता है।

आप सभी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से महाविद्यालय का नाम स्वर्णिम अक्षरों में अंकित कर दिया है।

जीत का यह सिलसिला यूँ ही जारी रहे, महाविद्यालय का गौरव निरंतर बढ़ता रहे!