दिनांक:08/12/2025
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के बीबीए विभाग का औद्योगिक-शैक्षणिक भ्रमण सम्पन्न, छात्रों को मिली व्यावहारिक उद्योगगत जानकारी ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के बीबीए विभाग द्वारा कुल्लू, मनाली एवं केलांग का औद्योगिक-cum-शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली, उत्पादन तकनीक, मार्केटिंग रणनीतियों और प्रबंधन प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना था।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने कुल्लू शॉल फैक्ट्री का निरीक्षण किया, जहाँ आधुनिक उत्पादन प्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण एवं उद्योग संचालन की बारीकियों के बारे में उन्होंने विस्तृत जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों के साथ संवाद ने छात्रों को वास्तविक व्यावसायिक माहौल और प्रबंधन की व्यवहारिक चुनौतियों को समझने में मदद की।
भ्रमण का नेतृत्व प्रो. धीरज कटोच एवं प्रो. श्वेता मोडगिल ने किया। दोनों अध्यापकों ने पूरी यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया तथा उनके सीखने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विभाग की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान को निखारने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उद्योगों का प्रत्यक्ष अवलोकन छात्रों के आत्मविश्वास और पेशेवर कौशल को और सुदृढ़ बनाता है।
ट्रिप कोऑर्डिनेटर्स ने भी इस यात्रा को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि ऐसे औद्योगिक-शैक्षणिक भ्रमण वास्तविक व्यापारिक परिस्थितियों को समझने और सिद्धांतों को व्यवहार में लागू करने का अमूल्य अवसर प्रदान करते हैं।
