दिनाक: 08/10/2026
डिग्री कॉलेज धर्मशाला की छात्राओं का खेलों में जलवा, एक के बाद एक ट्रॉफियां कॉलेज के नाम
बैडमिंटन के बाद वॉलीबॉल में भी महिला टीम बनी चैंपियन, शानदार प्रदर्शन से बढ़ाया संस्थान का गौरव
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की छात्राओं ने खेलों के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महाविद्यालय की महिला वॉलीबॉल टीम ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय वॉलीबॉल चैंपियनशिप की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय महाविद्यालय सरस्वती नगर में किया गया।
महिला टीम ने प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। टीम की इस उपलब्धि के साथ ही महाविद्यालय की छात्राओं ने खेलों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। इससे पहले महाविद्यालय की **महिला बैडमिंटन टीम भी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय बैडमिंटन चैंपियनशिप की विजेता ट्रॉफी हासिल कर चुकी है।
लगातार मिल रही इन सफलताओं से राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया एवं डॉ. नरेश मनकोटिया ने महिला वॉलीबॉल टीम की सभी खिलाड़ियों को शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं ने अपनी प्रतिभा के दम पर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। महाविद्यालय की छात्राओं की लगातार खेल उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
महाविद्यालय परिवार ने महिला वॉलीबॉल टीम की इस शानदार जीत पर खिलाड़ियों एवं खेल गतिविधियों से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
