HamroClass Preloader

 दिनांक: 10/08/2026

धर्मशाला कॉलेज की एथलेटिक मीट में खिलाड़ियों का दमखम, ट्रैक से फील्ड तक दिखा प्रतिभा का जलवा

ऊंची कूद, लंबी कूद, दौड़, शॉटपुट और 4×100 मीटर रिले सहित विभिन्न स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने हासिल किए शानदार स्थान; विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में एकदिवसीय वार्षिक एथलेटिक स्पोर्ट्स मीट का आयोजन बड़े उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का शानदार प्रदर्शन किया। ऊंची कूद, लंबी कूद, 100 मीटर, 800 मीटर और 1500 मीटर दौड़, शॉटपुट, सैक रेस तथा 4×100 मीटर रिले जैसी विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजय सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने अपने संबोधन में कहा कि धर्मशाला महाविद्यालय विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने खेलों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। खेल विद्यार्थियों में सहनशक्ति, गति, शक्ति, कौशल, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में कभी हार न मानें तथा अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें।

मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) संजय सिंह पठानिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे स्वयं खिलाड़ी के रूप में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की खेलों के प्रति बढ़ती रुचि पर प्रसन्नता व्यक्त की और विशेष रूप से छात्राओं को उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने के साथ-साथ भविष्य में सक्षम खेल प्रशिक्षक के रूप में भी अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।

एथलेटिक मीट के संयोजक डॉ. नरेश मनकोटिया ने बताया कि महाविद्यालय के लगभग सभी विभागों के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि खेलकूद गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और परिश्रम जैसे गुण विकसित होते हैं।

विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

ऊंची कूद (पुरुष वर्ग):** अजय (बीएससी तृतीय वर्ष) ने प्रथम, कृष (बीसीए पांचवां सेमेस्टर) ने द्वितीय और काव्या (बीए द्वितीय वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

ऊंची कूद (महिला वर्ग): अंजू (बीए द्वितीय वर्ष) प्रथम, शिवांशी (बीए प्रथम सेमेस्टर) द्वितीय और यशस्वी तृतीय स्थान पर रहीं।

लंबी कूद (पुरुष वर्ग): निखिल (बी.वोक प्रथम वर्ष) ने प्रथम, अजय (बीएससी तृतीय वर्ष) ने द्वितीय और आविष्कार (बीएससी द्वितीय वर्ष) ने तृतीय स्थान हासिल किया।

लंबी कूद (महिला वर्ग): पल्लवी (एमए प्रथम सेमेस्टर) ने प्रथम, सिया (बीए प्रथम सेमेस्टर) ने द्वितीय और यशस्वी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

100 मीटर दौड़ (महिला वर्ग): पल्लवी प्रथम, जानवी द्वितीय और साक्षी शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं।

100 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग): आशुतोष (एमए प्रथम सेमेस्टर) ने प्रथम, मुकुल (एमए प्रथम वर्ष) ने द्वितीय और आदित्य रघुवंशी (एमए प्रथम वर्ष) ने तृतीय स्थान हासिल किया।

800 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग): सोनू ठाकुर ने प्रथम, विजय ने द्वितीय और आदित्य सूर्यवंशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

800 मीटर दौड़ (महिला वर्ग): यशस्वी प्रथम, शिवांशी द्वितीय और अक्षरा तृतीय स्थान पर रहीं।

1500 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग): सोनू ठाकुर ने प्रथम, अंश कमल ने द्वितीय और आलोक यादव ने तृतीय स्थान हासिल किया।

1500 मीटर दौड़ (महिला वर्ग): यशस्वी ने प्रथम, शिवांशी ने द्वितीय और रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

शॉटपुट (पुरुष वर्ग): आर्यन (बीएससी तृतीय वर्ष) ने प्रथम, मुकुल (एमए) ने द्वितीय और आर्यन (बीए द्वितीय वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

शॉटपुट (महिला वर्ग): शबनम (बीए प्रथम वर्ष) प्रथम, साक्षी द्वितीय और बिनीता तृतीय स्थान पर रहीं।

सैक रेस (महिला वर्ग): अंशिका (बीए) ने प्रथम, आकृति नंदा (बीए तृतीय वर्ष) ने द्वितीय और शगुन ने तृतीय स्थान हासिल किया।

4×100 मीटर रिले (पुरुष वर्ग): रिले दौड़ में ईशान, आशु, मुकुल और आदित्य की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजय, अंश कमल, सोनू ठाकुर और अभिनव की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि आर्षव, राहुल, आदित्य और कृष्णा की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विजेताओं को पुरस्कार देकर किया सम्मानित

समापन समारोह में राजकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.एस. गिल तथा प्रो. (डॉ.) संजय सिंह पठानिया ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास करने, अनुशासन बनाए रखने और खेल भावना को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया।