HamroClass Preloader

 दिनाक: 09/10/2026

धर्मशाला कॉलेज की शानदार उपलब्धि, पुरुष और महिला वेटलिफ्टिंग टीमों ने जीती विजेता ट्रॉफियां

ज्वालाजी कॉलेज में दोनों टीमों का दमदार प्रदर्शन, प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया और डॉ. नरेश मंकोटिया ने दी बधाई

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की पुरुष एवं महिला वेटलिफ्टिंग टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजकीय महाविद्यालय ज्वालाजी में आयोजित प्रतियोगिता में विजेता ट्रॉफियां अपने नाम कीं। दोनों टीमों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी की लहर है। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से संस्थान का गौरव बढ़ाया है।

इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया और डॉ. नरेश मनकोटिया ने पुरुष एवं महिला वेटलिफ्टिंग टीमों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, लगन और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि दोनों टीमों की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उम्मीद जताई कि महाविद्यालय के खिलाड़ी आने वाले समय में भी अपनी उपलब्धियों से संस्थान का नाम रोशन करते रहेंगे।

इस अवसर पर महाविद्यालय के खेल समिति के सदस्यों और समस्त स्टाफ ने भी दोनों टीमों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय महाविद्यालय के प्राचार्य, खेल समिति और अपने सभी सहयोगियों से मिले निरंतर प्रोत्साहन एवं सहयोग को दिया।

पुरुष और महिला, दोनों वेटलिफ्टिंग टीमों की यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और खेलों के क्षेत्र में विद्यार्थियों की बढ़ती प्रतिभा एवं मेहनत को दर्शाती है।